भोपाल: मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए 'गांव की बेटी' और 'प्रतिभा किरण' योजना के तहत आवेदन करने वाली छात्राओं को बड़ी राहत दी है। विभाग ने दोनों छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। उच्च शिक्षा विभाग ने सत्र 2024-25 के लिए गांव की बेटी एवं प्रतिभा किरण योजना के तहत छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 1 अगस्त 2026 कर दी है। 

विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश की छात्राएं अब 'स्टेट स्कॉलरशिप पोर्टल 2.0' पर जाकर नवीन (New) और नवीनीकरण (Renewal) दोनों श्रेणियों के लिए आवेदन फॉर्म भर सकती हैं। इस समय वृद्धि से उन छात्राओं को विशेष लाभ मिलेगा जो किसी कारणवश तय समय सीमा में अपना रजिस्ट्रेशन या रिन्यूअल नहीं करा पाई थीं। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 थी।

उच्च शिक्षा विभाग ने आवेदन की तिथि बढ़ाने के साथ ही प्रशासनिक मुस्तैदी के भी निर्देश दिए हैं। विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी व निजी विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों (Registrars) और कॉलेजों के प्राचार्यों (Principals) को निर्देशित किया है कि वे प्राप्त होने वाले आवेदनों का समय सीमा के भीतर सत्यापन (Verification) पूरा करें। इसके साथ ही पात्र छात्राओं के बैंक खातों में छात्रवृत्ति का भुगतान जल्द से जल्द सुनिश्चित कराने के भी आदेश दिए गए हैं, ताकि छात्राओं को पढ़ाई में किसी तरह की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।